Zindademocracy

कांग्रेस ने जारी की पहली सूची,125 टिकट फाइनल, उन्नाव से सोनभद्र तक पीड़ितों को टिकट उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए प्रियंका गांधी वाद्रा ने बृहस्पतिवार को 125 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की जिनमें 50 महिला उम्मीदवार शामिल हैं।

उत्तर प्रदेश | कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए 125 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की जिनमें 50 महिला उम्मीदवार शामिल हैं। डिजिटल संवाददाता सम्मेलन के माध्यम से प्रियंका गांधी ने इन उम्मीदवारों की सूची जारी की जिसमें विशेष रूप से 50 महिला उम्मीदवारों के नामों का उल्लेख किया।

कुछ महीने पहले ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ अभियान आरंभ करते हुए प्रियंका गांधी ने घोषणा की थी कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी 40 फीसदी टिकट महिलाओं को देगी।

पार्टी ने उत्तर प्रदेश के लिए जो पहली सूची जारी की है उनमें पार्टी विधायक दल की नेता अराधना मिश्रा, पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद की पत्नी लुईस खुर्शीद के साथ ही पांखुड़ी पाठक, सदफ़ जाफर और विभिन्न क्षेत्रों में संघर्षरत कुछ अन्य महिलाएं शामिल हैं। उन्नाव बलात्कार मामले की पीड़िता की मां को भी टिकट दिया गया है।

 

 

 

कांग्रेस ने उन्नाओं से रेप पीड़िता की मां को टिकट दिया है, सोनभद्र में हुए नरसंहार के पीड़ितों में से एक रामराज गोंड को भी टिकट दिया है। वहीं एक आशा वर्कर पूनम पांडेय भी शाहजहांपुर से चुनाव लडेंगी। यहां पर पुलिस ने कई आशा वर्करों को पीटा था पूनम उन्हीं में से एक हैं।

प्रियंका ने कहा – ‘‘कांग्रेस पार्टी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए 125 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर रही है जिसमें 50 महिलाएं हैं। हमने प्रयास किया है कि नयी राजनीति की कोशिश करने वाली महिलाओं को टिकट दिया जाए।’’

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव सात चरणों में होगा। 10 फरवरी को पहले चरण का मतदान और 7 मार्च को सातवें एवं अंतिम चरण का मतदान होगा। नतीजे 10 मार्च को घोषित होंगे।

 

बदायूं से, इंतज़ार हुसैन की रिपोर्ट

Facebook
Twitter
WhatsApp
Telegram
Trending