Zindademocracy

Jharkhand News:कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा कर आयोग ने दिए आवश्यक दिशा निर्देश

सरायकेला: झारखण्ड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान सोमवार सरायकेला पहुंचे। उन्होंने परिसदन में विभिन्न विभागीय वरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक की। विभिन्न विभाग अंतर्गत संचालित कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। विभिन्न माध्यम से कल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार प्रसार कर शत प्रतिशत योग्य लाभुकों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के तहत लाभान्वित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा समिति राज्य के सभी जिलों में भ्रमण कर अल्पसंख्यक समाज के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा कर अद्यतन स्थिति की जानकारी ले रही है, ताकि संख्या अनुरूप समान प्रतिशत में लाभुकों को लाभ प्रदान किया जा सके।

बैठक पश्चात प्रेस वार्ता के क्रम में उन्होंने कहा अल्पसंख्यकों के कल्याण हेतु सरकार द्वारा चलायी जा रही योजनाओं की राज्य स्तर पर समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में आज सरायकेला खरसावां जिला में भी पदाधिकारियों की उपस्थिति में समीक्षा बैठक आयोजित कर योजनाओं की प्रगति और उसके कार्यान्वयन की अद्यतन जानकारी ली गई। उन्होंने जिले में योजनाओं पर किये गये कार्यो पर संतोष जताया। उन्होंने कहा जहां कमी दिखायी दी, उसमें सुधार करने व उससे त्वरित गति से पूरा करने का निर्देश पदाधिकारियाें को दिये गये हैं। उन्होंने कहा वर्तमान स्थिति अच्छी है। केन्द्र और राज्य सरकार द्वारा अल्पसंख्यक कल्याण की योजनाओं को जन जन तक पहुंचाने के लिये काम किया जा रहा है। मदरसों सहित अल्पसंख्यक भाषा वाले स्कूलों में शिक्षा ग्रहण करने वाले बच्चों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उन्होंने इससे जुड़ी कई कल्याणकारी योजनाओं पर विभागीय अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली।बैठक में सदस्य डॉ एम. तौसीफ, सदस्य बकरल अली, उप विकास आयुक्त प्रभात कुमार बारतियार, झामुमो जिला अध्यक्ष डॉ सिवेंदु महतो, निदेशक डीआरडीए, सिविल सर्जन, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी एवं विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Facebook
Twitter
WhatsApp
Telegram
Trending