Zindademocracy

HR:हरियाणा में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर CM नायब सिंह सैनी का बड़ा आदेश, वाहनों में लगेगा GPS

चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने राज्य में महिलाओं और स्कूली बच्चों की सुरक्षा को और सुदृढ़ बनाने के लिए अहम पहल की है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर कई कड़े निर्देश जारी किए। बैठक में सार्वजनिक परिवहन वाहनों की निगरानी, स्कूल बसों की फिटनेस और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए वैज्ञानिक अध्ययन जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

सार्वजनिक वाहन में लगेगा ट्रैकिंग डिवाइस

मुख्यमंत्री सैनी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रदेश के सभी सार्वजनिक परिवहन वाहनों में वाहन स्थान ट्रैकिंग डिवाइस (Vehicle Location Tracking Device – VLT) अनिवार्य रूप से लगाए जाएं। यह डिवाइस आपातकालीन सेवा 112 से जोड़ा जाएगा, जिससे किसी भी आपात स्थिति में यात्रियों को त्वरित सहायता मिल सके। यह कदम विशेष रूप से महिलाओं, छात्राओं और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर उठाया गया है। इससे राज्य भर के परिवहन वाहनों पर निगरानी आसान होगी और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई संभव होगी।

स्कूल बसों की फिटनेस की होगी कड़ी जांच

बैठक में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी विशेष जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रदेश की सभी स्कूल बसों की नियमित जांच की जाए और उनकी तकनीकी स्थिति पर विशेष ध्यान दिया जाए। फिटनेस प्रमाण पत्र के बिना किसी भी वाहन को सड़कों पर चलने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्कूल वाहन पूरी तरह से सुरक्षित हों, इसके लिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सड़क दुर्घटनाओं की होगी वैज्ञानिक जांच

हरियाणा में सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को वैज्ञानिक अध्ययन के जरिए दुर्घटनाओं के कारणों की पहचान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल नियम लागू करने से समाधान नहीं होगा बल्कि उन कारकों को समझना जरूरी है जो दुर्घटनाओं का कारण बनते हैं जैसे सड़क डिजाइन, ट्रैफिक पैटर्न, गति नियंत्रण आदि।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

यह अहम बैठक हरियाणा के कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार, मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता और परिवहन विभाग के आयुक्त एवं सचिव टी. एल. सत्यप्रकाश सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में संपन्न हुई। सभी अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के निर्देशों पर तत्काल कार्य करने का आश्वासन दिया।

सुरक्षा में नहीं होगा कोई समझौता

मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि हरियाणा सरकार महिलाओं, बच्चों और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा सरकार तकनीक और निगरानी के माध्यम से राज्य की परिवहन व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और जिम्मेदार बनाएगी।

Facebook
Twitter
WhatsApp
Telegram
Trending