Zindademocracy

Punjab Congress : कांग्रेस ने पंजाब के उम्मीदवारों की जारी की सूची, अमृतसर पूर्व से सिद्धू और चमकौर से चन्नी का नाम पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने शनिवार को 86 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। डिप्टी सीएम सुखजिंदर सिंह रंधावा डेरा बाबा नानक सीट से चुनाव लड़ेंगे. वहीं, मालविका सूद मोगा से कांग्रेस की प्रत्याशी होंगी।

नई दिल्ली | शनिवार को पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने 86 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है। मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, चमकौर साहिब से चुनाव मैदान में होंगे और नवजोत सिंह सिद्धू अमृतसर पूर्व से चुनाव लड़ेंगे। इसके अलावा डेरा बाबा नानक सीट से डिप्टी सीएम सुखजिंदर सिंह रंधावा चुनाव लड़ेंगे। वहीं, हाल ही में कांग्रेस ज्वाइन करने वाली मालविका सूद मोगा से कांग्रेस की प्रत्याशी होंगी। मालविका सूद एक्टर सोनू सूद की बहन हैं।

 

पंजाब में 14 फ़रवरी को होगी एक चरण की वोटिंग
पंजाब में एक चरण में वोटिंग होगी। 14 फरवरी को राज्य के सभी 117 सीटों पर मतदान होगा। 10 मार्च को वोटों की गिनती होगी और पंजाब में चुनाव के लिए नोटिफिकेशन 21 जनवरी को जारी होगा। नामांकन 28 जनवरी तक कर सकेंगे, 29 जनवरी को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 31 जनवरी तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। 10 मार्च को चुनावों के नतीजे आएंगे। पंजाब में 117 विधानसभा सीटों में से 34 सीटें आरक्षित हैं।

पहली बार वोटरों को नियमों की पर्ची दी जाएगी। पंजाब में चुनाव के समय में एक घंटे का इजाफा किया गया है। इसकी घोषणा मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा ने की। उन्होंने बताया कि चुनाव में धांधली रोकने के लिए सुविधा ऐप बनाया गया है। राजनीतिक दल इसका उपयोग कर सकेंगे। इस ऐप के ज़रिये उम्मीदवार इस बार ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं।

पंजाब में होने वाले चुनाव की कार्यक्रम सूची

नोटिफिकेशन जारी 21 जनवरी
नामांकन की आखिरी तारीख 28 जनवरी
नामांकन पत्रों की जांच 29 फरवरी
नामांकन वापसी की आखिरी तारीख 31 जनवरी
वोटिंग की तारीख 14 फरवरी
मतगणना 10 मार्च

27 मार्च, 2022 को पंजाब विधानसभा का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। चरणजीत सिंह चन्नी फिलहाल पंजाब के मुख्यमंत्री हैं। किसी भी दल या गठबंधन को पंजाब में सरकार बनाने के लिए 59 सीटों का आंकड़ा हासिल करना होगा।

जिन राज्यों में 2022 में चुनाव होने वाले हैं, उनमे से सिर्फ पंजाब ही एक ऐसा राज्य है जहां कांग्रेस सत्ता में है। 27 मार्च, 2022 को पंजाब विधानसभा का कार्यकाल समाप्त होने के चलते साल के शुरू में चुनाव होने हैं।

कांग्रेस सूबे में अपनी सत्ता को बचाए रखने के लिए सीएम चरणजीत सिंह चन्नी और प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्दू की अगुवाई में जद्दोजहद कर रही है, तो आम आदमी पार्टी इस बार नंबर दो से नंबर वन बनने की जुगत में है। वहीं, अकाली दल ने बसपा के साथ हाथ मिला रखा है तो बीजेपी ने कैप्टन अमरिंदर सिंह और सुखदेव ढीढसा की पार्टी के साथ गठबंधन किया है।

Facebook
Twitter
WhatsApp
Telegram
Trending