Zindademocracy

नहीं आएगा Koffee With Karan का नया सीज़न, करण जोहर ने सोशल मीडिया पर खुद दी जानकारी मार्च 2019 में इस शो का आखरी एपिसोड टेलीकास्ट हुआ था।

मुंबई, महाराष्ट्र | पॉपुलर टीवी शो Koffee With Karan के फैंस के लिए बुरी खबर है। 6 सीज़न लम्बा चलने वाला ये शो अब टीवी स्क्रीन पर वापिस नहीं लौटेगा। 2004 में शुरू हुए इस शो की समाप्ति की घोषणा करण जोहर ने खुद सोशल मीडिया पर दी। मार्च 2019 में इस शो का आखरी एपिसोड टेलीकास्ट हुआ था।

सोशल मीडिया पर बयान जारी करते हुए करण ने कहा – “कॉफी विद करण 6 सीजन से मेरी और आपकी जिंदगी का हिस्सा रहा है। मैं ये सोचना पसंद करूंगा कि हमने प्रभाव डाला है और पॉप कल्चर के इतिहास में अपनी जगह बनाई है। भारी दिल से, मैं बताना चाहूंगा कि कॉफी विद करण अब वापस नहीं लौटेगा।”

शो का विवादों से पुराना रिश्ता
करण जौहर का ये पॉपुलर शो कई बार विवादों में घिर चुका है। आखरी सीज़न में एक्टर कंगना रनौत से लेकर क्रिकेटर हार्दिक पंड्या ने शो पर विवाद खड़ा करने वाली कई बातें कहीं।

सीजन 6 में आए हार्दिक पंड्या और केएल राहुल ने शो में महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जिसके बाद दोनों की काफी आलोचना हुई थी। इस विवाद के बाद शो ने इस एपिसोड को ऑनलाइन हटा दिया था। ये इकलौता एपिसोड है जिसे प्लेटफॉर्म से हटाया गया है।

नेपोटिज्म को लेकर कंगना रनौत और करण जौहर के बीच विवाद भी इसी शो से शुरू हुआ था। कंगना ने सीजन 5 में करण जौहर को नेपोटिज्म का फ्लैगबियरर कहा था, जिसके बाद से इसे लेकर बहस छिड़ गई थी। कंगना, ‘रंगून’ के को-स्टार सैफ अली खान के साथ शो में पहुंची थीं।

एक्टर रणवीर सिंह ने भी शो में अनुष्का शर्मा को लेकर आपत्तिजनक बयान दिया था, जिसके बाद सोशल मीडिया पर वो महिलाओं के निशाने पर थे। दीपिका पादुकोण और सोनम कपूर के शो ने भी खूब सुर्खियां बटोरीं थीं।

 

 

Facebook
Twitter
WhatsApp
Telegram
Trending