हल्द्वानी- जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देशों के अनुपालन में मानसून से पहले बुधवार को उप जिलाधिकारी हल्द्वानी राहुल शाह ने गोला पुल क्षेत्र का निरीक्षण किया।
पीडब्लूडी विभाग एवं सिंचाई विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम निरीक्षण में मौजूद थी।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि गोला पुल से लगे पीडब्लूडी संपर्क मार्ग में भू कटाव की स्थिति है, जिसके कारण आगामी मानसून के दौरान मार्ग के क्षतिग्रस्त होने की संभावना है।
वहीं जानकारी देते हुए सिंचाई विभाग ने बताया कि रेलवे सुरक्षा कार्य एवं गोला पुल के मध्य क्षेत्र की सुरक्षा हेतु विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) स्वीकृति हेतु शासन को भेजी गई है।
वहीं जानकारी देते हुए एसडीएम राहुल शाह ने अधिकारियों को मानसून से पूर्व आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अस्थाई सुरक्षात्मक कार्य प्रस्तावित कर कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए, ताकि संपर्क मार्ग की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
इस दौरान सहायक अभियंता सिंचाई, सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद थे।