Zindademocracy

CG: दिन – भर उमस, देर शाम बारिश और ठंडी हवाओं ने दी राहत

रायपुर। दिनभर की तपिश के बाद बुधवार शाम को  रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदल गया और तेज हवाओं के साथ बारिश होने लगी। ठंडी हवाओं और बारिश के चलते शाम का मौसम सुहाना हो गया और गर्मी से राहत मिली।

मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा। हालांकि गुरुवार को प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।

बीते कुछ दिनों से  रायपुर सहित प्रदेशभर में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी का क्रम जारी है। इसके चलते गर्मी, उमस भी बढ़ रही है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले चार दिनों तक तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस वर्ष तेज गर्मी के साथ ही ज्यादा बारिश की भी उम्मीद है। इस वर्ष मानसून भी पिछले वर्ष की तुलना में समय से पहले आने की उम्मीद है।

तापमान मामूली गिरा पर दिनभर रही उमस

 रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बुधवार को तापमान में मामूली गिरावट रही, लेकिन उमस में बढ़ोतरी आ गई। रायपुर का अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेशभर में सर्वाधिक गर्म बेमेतरा रहा, एडबल्यूएस बेमेतरा का अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

27 और 28 को तेज गर्मी के आसार

मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा ने बताया कि एक निम्न दाब का क्षेत्र दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी, दक्षिण आंध्र प्रदेश तट के पास है। साथ ही चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण 7.6 किमी ऊंचाई तक विस्तारित है। यह उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर 25 मई की शाम तक पहुंचने की संभावना है। इसके प्रभाव से ही 27 व 28 मई को प्रदेश में गर्मी और बढ़ने की संभावना है।

Facebook
Twitter
WhatsApp
Telegram
Trending