Zindademocracy

HR: योग युक्त, नशा मुक्त हरियाणा” की दिशा में मुख्यमंत्री नायब सिंह की एक ऐतिहासिक पहल

चंडीगढ़- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग’ संदेश को आत्मसात करते हुए प्रदेश को “योग युक्त, नशा मुक्त” बनाने का संकल्प लिया है। इस संकल्प को मूर्त रूप देने के लिए लगभग 20 लाख से अधिक लोग 21 जून को एक साथ योग करेंगे।

 

एक सरकारी प्रवक्ता ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 21 जून को राज्य के सभी 22 जिलों और 121 खंडों में योग कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें लगभग 20 लाख से अधिक नागरिक एक साथ भाग लेकर योग के प्रति अपनी आस्था और सहभागिता को दर्शाएंगे। अभी तक पोर्टल पर लगभग 12 लाख 10 हजार से अधिक लोगों ने अपना रिजस्ट्रेशन करवाया है। पर्यावरण संदेश के लिए हरित योग के माध्यम से अब तक 70 हजार से ज्यादा पौधे लगाए जा चुके है।

 

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम पावन ब्रह्मसरोवर, कुरुक्षेत्र में आयोजित किया जाएगा, जहाँ मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व अन्यगणमान्य व्यक्तियों के साथ योग गुरु स्वामी रामदेव की उपस्थिति में हजारों साधकों ने योगाभ्यास करेंगे।

 

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा में योग को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने के बाद 177 देशों के समर्थन से 21 जून को ‘अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस’ के रूप में घोषित किया गया था। इसके माध्यम से भारत ने विश्व को शांति, स्वास्थ्य और समरसता का मार्ग दिखाया।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का थीम शारीरिक, मानसिक और पर्यावरणीय कल्याण को बढ़ावा देने में योग की भूमिका पर प्रकाश डालती है, जो स्थिरता और एकता के लिए वैश्विक आह्वान के साथ संरेखित है। यह थीम प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रस्ताव के बाद संयुक्त राष्ट्र द्वारा 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता दी जाने एक दशक की सफलता पर आधारित है।

 

उन्होंने बताया कि योग को संस्थागत रूप देने हेतु हरियाणा सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में 1000 व्यायामशालाएं बनाने का लक्ष्य रखा है जिनमें से अब तक 714 व्यायामशालाओं का निर्माण किया जा चुका है और 877 आयुष योग सहायकों की नियुक्ति की गई है। इन यामशालाओं में भी 21 जून को विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

 

Facebook
Twitter
WhatsApp
Telegram
Trending