Zindademocracy

Punjab Elections 2022 : AAP की आंधी में उड़े चन्नी-सिद्धू समेत 8 बड़े नेता कांग्रेस के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू अपनी सीटें नहीं बचा पाए।

नई दिल्ली | पंजाब चुनाव नतीजों में इस बार बड़ा बदलाव हुआ है, पंजाब के लोगों ने केजरीवाल को मौका दिया है और भगवंत मान को अपना मुख्यमंत्री चुन लिया है। लेकिन आम आदमी पार्टी की इस लहर में पंजाब के कई दिग्गजों को अपनी सीट गंवानी पड़ी।

कांग्रेस के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू अपनी सीटें नहीं बचा पाए। कैप्टन अमरिंदर सिंह को भी हार का सामना करना पड़ा। वहीं प्रकाश सिंह बादल, सुखबीर सिंह बादल या फिर बिक्रम मजीठिया भी ‘आप’ की आंधी नहीं झेल सके।

नवजोत सिंह सिद्धू
पंजाब के कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू अमृतसर ईस्ट विधानसभा से हार गए हैं। उन्हें आम आदमी पार्टी की जीवनज्योत कौर ने हराया है। दोनों में 6 फीसदी वोट शेयर का अंतर रहा। सिद्धू लंबे समय तक कांग्रेस में ऊंचे पद पर जगह बनाने की कोशिश में रहे, जिसकी वजह से कांग्रेस में काफी रार रही।

चरणजीत सिंह चन्नी
चन्नी को अपना सीएम उम्मीदवार बना कर कांग्रेस ने दलित कार्ड चलाया और उन्हें दो सीटों – भदौड़ और चमकौर साहिब से चुनाव लड़वाया लेकिन दोनों पर उन्हें आप की आंधी ने हरा दिया। भदौड़ में आप के उम्मीदवार लाभ सिंह ने उन्हें शिकस्त दी दोनों के बीच लगभग 30 फीसदी वोट शेयर का अंतर रहा। वहीं चमकौर साहिब में चन्नी को आप के चरणजीत सिंह ने शिकस्त दी।

कैप्टन अमरिंदर सिंह
आप पार्टी के उम्मीदवार अजित पाल कोहली से कैप्टन अमरिंदर सिंह पटियाला से हार गए। कांग्रेस के पूर्व सीएम अमरिंदर सिंह ने चुनाव से पहले अपनी पार्टी का गठन किया और बीजेपी के साथ गठबंधन किया। मगर मतदाताओं ने इस गठबंधन को नकार कर अजीत पल सिंह को 47 हजार से ज्यादा वोटों से जिताया।

प्रकाश सिंह बादल
देश के सबसे उम्रदराज उम्मीदवार और पंजाब के पांच बार रहे मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल भी आप की आंधी में हार गए। लंबी से चुनाव लड़े अकाली दल के प्रकाश सिंह बादल को आप के उम्मीदवार गुरमीत सिंह खुड्डियां ने हरा दिया। दोनों के बीच लगभग 10 हजार वोटों का अंतर है।

सुखबीर सिंह बादल
जलालाबाद से अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल को आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार जगदीप कंबोज ने 30 हजार वोटों के अंतर के साथ हरा दिया। अपना हार को स्वीकार करते हुए सुखबीर सिंह बादल ने ट्वीट किया और आप को जीत की बधाई दी।

बिक्रम सिंह मजीठिया
अमृतसर ईस्ट विधानसभा सीट से नवजोत सिंह सिद्धू और आप की उम्मीदवार जीवनज्योत कौर को चुनौती देने वाले अकाली दल के बिक्रम सिंह मजीठिया हार गए। मजीठिया लगभग 25 हजार वोटों के साथ तीसरे स्थान पर आए हैं।

काका रणदीप सिंह नाभा
रणदीप सिंह नाभा ने कांग्रेस के टिकट पर अमलोह से चुनाव लड़ा, लेकिन उन्हें लगभग 16 हजार के आसपास वोटों के साथ तीसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा। अमलोह विधानसभा सीट पर आम आदमी पार्टी के गुरिंदर सिंह गैरी ने जीत दर्ज की है। अकाली दल के गुरप्रीत सिंह राजू दूसरे स्थान पर रहे।

ओम प्रकाश सोनी
उप सीएम ओम प्रकाश सोनी ने अमृतसर सेंट्रल कांग्रेस की सीट से चुनाव लड़ा मगर आम आदमी पार्टी के अजय गुप्ता ने उन्हें हरा दिया।

 

 

Facebook
Twitter
WhatsApp
Telegram
Trending